गौ रक्षा का नारा देने वाली BJP के पदाधिकारी पर ही गौवंश से क्रूरता का आरोप! रस्सी से बांधा, लाठी-डंडों से पीटा, CCTV ने खोली करतूत?

डेस्क खबर बिलासपुर।../ जिस भाजपा की राजनीति में गौ माता और गौ रक्षा बड़े मुद्दों में शामिल हैं, उसी पार्टी से जुड़े एक पदाधिकारी पर गौवंश के साथ बेरहमी का आरोप लगा है। तिफरा के कुंदरापारा में फसल खाने के विवाद में एक गाय को कथित तौर पर रस्सी से बांधकर लाठी-डंडों से पीटने का मामला सामने आया है। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद और शिकायत के बाद सिरगिट्टी पुलिस ने दो नामजद समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 25 अगस्त की देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि गाय के पैर, पूंछ और सिर को रस्सी से बांध दिया गया और उसके बाद बेरहमी से डंडो से पिटाई की गई। सूचना मिलते ही गौ सेवक निधि तिवारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और इस कृत्य का विरोध जताया लेकिन नेताजी अपना रौब दिखाने लगे
लेकिन मामला यहीं शांत नहीं हुआ। आरोप है कि गौ सेवकों के विरोध करने पर मौके पर मौजूद लोगों ने अपने रसूख और पार्टी के नाम पर कथित तौर पर गाली-गलौज की, धमकाया और विवाद बढ़ाने की कोशिश की। इसी बीच डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात को संभाला।
इसके बाद गौ सेवकों और हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने सिरगिट्टी थाने का रुख किया। शिकायत में प्रमोद गढ़वाल और अशोक गढ़वाल समेत अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।
अब सवाल सिर्फ एक गाय की पिटाई का नहीं है—सवाल उस सोच का है, जिसमें फसल खाने की सजा के नाम पर बेजुबान जानवर को रस्सियों में जकड़कर पीट दिया जाए।
अगर CCTV में सामने आए दृश्य और शिकायत में लगाए गए आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो यह सिर्फ पशु क्रूरता का मामला नहीं बल्कि गौ रक्षा की राजनीति करने वालों के सामने खड़ा एक बड़ा नैतिक सवाल भी होगा।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर पशु क्रूरता से जुड़े प्रावधानों में केस दर्ज कर लिया है। अब निगाह पुलिस जांच पर है कि CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई कितनी निष्पक्ष और कितनी सख्त होती है।
गौ माता के नाम पर राजनीति करने वालों से लेकर कानून के रखवालों तक—अब सवाल सीधा है: बेजुबान पर जुल्म करने वालों पर कार्रवाई होगी या रसूख के आगे मामला दब जाएगा? और बड़ा सवाल है कि गाय के नाम पर राजनीति करने वाली बीजेपी अब अपने पदाधिकारी के इस कृत्य पर क्या फैसला लेगी ??
