


डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर के सरकंडा थाना में दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में पहले से दर्ज एफआईआर का सामना कर रहे राजीव शर्मा एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में हैं। पीड़िता का आरोप है कि करीब एक माह जेल में रहने के बाद रिहा हुआ आरोपी अब उस पर न्यायालय में बयान बदलने का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर लगातार मारपीट, धमकी और प्रताड़ना का सिलसिला जारी है। पीड़िता के अनुसार, राजीव शर्मा ने स्वयं को सेना से सेवानिवृत्त बताया और अपनी वैवाहिक स्थिति छिपाकर वर्षों तक उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण किया।

शिकायत के आधार पर पूर्व में सरकंडा थाना में धारा दुष्कर्म की धाराओं सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज हुई थी, जिसके बाद आरोपी को जेल भी जाना पड़ा था। महिला का आरोप है कि जेल से बाहर आने के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ उसकी चाय दुकान पहुंचा, वहां विवाद किया और मारपीट की। इतना ही नहीं, तीन-चार दिन पहले आरोपी कथित रूप से उसके घर में घुस गया और दोबारा हमला किया। इस संबंध में तारबहार थाना में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

तारबहार पुलिस के अनुसार पुलिस आरोपी की तलाश में सरगर्मी से जुटी हुई है और जल्द ही वह कानून की गिरफ़्त में होगा
पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपी अपने कृत्रिम पैर के निचले हिस्से को हथियार की तरह इस्तेमाल कर उस पर हमला करता है। लगातार हो रही घटनाओं के कारण वह खुद को असुरक्षित और भयभीत महसूस कर रही है। मामले का एक और गंभीर पहलू भी सामने आया है। पीड़िता का दावा है कि दुष्कर्म के मामले में दर्ज अपनी पूर्व शिकायत में उसने पुलिस को लिखित रूप से बताया था कि आरोपी के पास कथित रूप से एक अवैध पिस्टल भी है। हालांकि उस समय इस संबंध में कोई बरामदगी नहीं हुई थी। अब पीड़िता ने इस पहलू की भी निष्पक्ष जांच की मांग की है।
लगातार सामने आ रहे आरोपों ने कानून-व्यवस्था और पीड़िता की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, अवैध हथियार सहित अन्य आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और इनकी सत्यता पुलिस जांच तथा न्यायालयीन प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी। गौरतलब है कि आरोपी अपने आप को सेना से रिटायर्ड अफसर सहित कुछ हिंदू संगठन से जुड़े होने का रौब दिखाकर लगातार पीड़िता का शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहा था हालांकि मामला उजागर होने के बाद हिंदू संगठन ने उसे कार्यमुक्त कर दिया था। बताया यह भी जा रहा कि दबंग आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी शहर के सिविल लाइन थाने में भी SC ST एक्ट मामले में भी अभी तक कार्यवाही नहीं हो पाई है ।वही पीड़िता ने अपनी सुरक्षा की भी गुहार पुलिस से लगाई है।