सरपंच का वीडियो वायरल, जनपद सीईओ को कमीशन देने का दावा..



डेस्क खबर वाड्रफनगर../बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर जनपद क्षेत्र की ग्राम पंचायत चवरसरई के सरपंच का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में सरपंच कथित तौर पर जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सीईओ को कमीशन देने की बात कहते हुए सुनाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायत में गहरीकरण कार्य कराया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए विरोध किया। विरोध के बीच हुई बातचीत का वीडियो ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
वायरल वीडियो में सरपंच कैमरे के सामने यह कहते हुए दिखाई दे रहे हैं कि काम का पैसा आने के बाद कमीशन देना पड़ता है। इसके बाद ग्रामीणों ने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे मामला चर्चा का विषय बन गया है।

गौरतलब है कि वर्तमान में जनपद पंचायत वाड्रफनगर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) निजामुद्दीन खान हैं। हालांकि, वायरल वीडियो में किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। मामले को लेकर प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया या जांच की जानकारी सामने नहीं आई है। यदि शिकायत के आधार पर जांच होती है, तो उसके बाद ही आरोपों की पुष्टि हो सकेगी।