


डेस्क खबर बिलासपुर../ उड़ीसा से आकर बिलासपुर के अलग अलग थाना क्षेत्रों में महिलाओं को निशाना बनाकर चैन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करने में बिलासपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उड़ीसा से संचालित इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की है। मामले का खुलासा थाना तोरवा और सिरगिट्टी क्षेत्र में हुई तीन चैन स्नैचिंग की घटनाओं की जांच के दौरान हुआ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।
जांच में सामने आया कि आरोपी उड़ीसा से बिलासपुर आकर स्थानीय सहयोगी के घर में ठहरते थे और महिलाओं को अकेला देखकर चैन स्नैचिंग एवं लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने स्थानीय सहयोगी सहित गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।

इस कार्यवाही के बाद निश्चित रूप से चैन स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगेगा बल्कि महिलाएं भी अब अपने आप को सुरक्षित महसूस करेगी।शहर में लगातार बढ़ रही चैन स्नैचिंग की घटनाओं के बीच
बिलासपुर पुलिस की इस कार्रवाई की आम लोगों ने सराहना की है वही पुलिस ने भी भरोसा दिलाया है कि भविष्य में भी ऐसे अपराधियों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही पुलिस ने आम जनता से अपील भी की है कि आसपास रहने वाले किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराधों को समय रहते रोका जा सके।
