डेस्क खबरबिलासपुर

नगर पालिका अध्यक्ष पर कब्जे और दबंगई के आरोप, महिलाओं ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार,मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी नहीं हुई कार्यवाही !!



डेस्क खबर बिलासपुर. / धार्मिक नगरी रतनपुर में नगर पालिका अध्यक्ष लवकुश कश्यप एक बार फिर विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। पहले साध्वी पद्मनीपुरी राठौर द्वारा दुर्व्यवहार और धमकी जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे, वहीं अब वार्ड क्रमांक 8 भेड़ीमुड़ा निवासी महिलाओं ने सरकारी जमीन पर कथित कब्जे और अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को शिकायत सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।



शिकायतकर्ता विमला कश्यप सहित अन्य महिलाओं का आरोप है कि उनकी खानदानी भूमि से लगी सरकारी जमीन पर नगर पालिका अध्यक्ष अपने पद और प्रभाव का उपयोग करते हुए निर्माण कार्य करा रहे हैं। महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार, गाली-गलौच और धमकी दी गई।
मामले को लेकर एक और गंभीर पहलू सामने आया है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार इस अवैध निर्माण की शिकायत पहले मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी की गई थी। शिकायत के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन जांच के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और निर्माण कार्य लगातार जारी रहा। इससे नाराज महिलाओं ने अब सीधे बिलासपुर पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।



पूरे मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि शिकायत सही है तो आखिर किसके संरक्षण में सरकारी भूमि पर निर्माण जारी रहा? जांच के बाद भी कार्रवाई क्यों नहीं हुई? क्या सत्ता और पद का प्रभाव प्रशासनिक कार्रवाई पर भारी पड़ रहा है? या फिर जिम्मेदार अधिकारी अपनी जिम्मेदारी निभाने में असफल साबित हुए हैं?
नगर में चर्चा है कि आम नागरिक द्वारा सरकारी जमीन पर एक ईंट भी रख दी जाए तो तत्काल नोटिस और कार्रवाई हो जाती है, लेकिन जब आरोप किसी प्रभावशाली जनप्रतिनिधि पर लगते हैं तो पूरा सिस्टम खामोश क्यों दिखाई देता है?
अब महिलाओं ने सीधे बिलासपुर एसपी से हस्तक्षेप की मांग करते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में कब तक जांच होती है और कब अवैध कब्जे को प्रशासन हटवा पाता है।

error: Content is protected !!