कुसमी में कलश यात्रा के साथ शारदीय नवरात्रि का शुभारंभ, जय दुर्गे के जयकारों से गूंजा नगर
दुर्गा बाड़ी, सब्जी मंडी और सामरी रोड सहित विभिन्न स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित; नौ दिनों तक होंगे धार्मिक अनुष्ठान




राहुल गुप्ता
डेस्क खबर बलरामपुर।कुसमी। शारदीय नवरात्रि के पहले दिन रविवार को नगर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मां दुर्गा की आराधना शुरू हुई। सुबह से ही मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। महिलाओं द्वारा निकाली गई भव्य कलश यात्रा के साथ नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। ढोल-नगाड़ों और मां दुर्गा के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए विभिन्न पूजा स्थलों तक पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके बाद पूजा समितियों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गईं। नगर में जगह-जगह आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं, जहां आगामी नौ दिनों तक धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।


दुर्गा बाड़ी में विधि-विधान से हुई स्थापना
नगर की सबसे पुरानी दुर्गा बाड़ी स्थित दुर्गा पूजा समिति में परंपरानुसार मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई। वहीं सब्जी मंडी स्थित मां समलेश्वरी दुर्गा पूजा समिति और सामरी रोड स्तिथ मां भवानी दुर्गा पूजा समिति की ओर से भी भव्य पंडाल सजाया गया है। सामरी रोड स्थित मां शीतला मंदिर में भी विधि-विधान से पूजा-अर्चना के साथ नौ दिवसीय अनुष्ठान की शुरुआत हुई।

नौ दिनों तक होंगे धार्मिक आयोजन
नवरात्रि के दौरान विभिन्न पूजा पंडालों में सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन, जागरण और महाभंडारे सहित धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूजा समितियों के अनुसार श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पंडालों में सुरक्षा, रोशनी और आकर्षक सजावट की विशेष व्यवस्था की गई है।

नवरात्रि पर्व को लेकर नगर में उत्साह का माहौल है। श्रद्धालु नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।
