


डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर में कोयले के काले कारोबार का बड़ा भंडाफोड़ हुआ है। दीपका खदान से निकला लाखों रुपये का हाई क्वालिटी एफ/जी ग्रेड कोयला रास्ते में ही चोरी कर बेच दिया जाता था और उसकी जगह ट्रकों में भर दिया जाता था घटिया और मिलावटी कोयला। इस संगठित खेल का खुलासा होने के बाद सकरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक, कोल डिपो संचालक, सुपरवाइजर और कारोबार से जुड़े लोग मिलकर कोयले की हेराफेरी का खेल चला रहे थे। आरोप है कि रतनपुर-गतौरी स्थित कोल डिपो में ट्रकों से महंगा कोयला उतारकर बाजार में बेच दिया जाता था और उसकी जगह सस्ता कोयला भरकर प्लांट भेज दिया जाता था। इस हेराफेरी से कंपनी को 25 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने गिरोह से जुड़े 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कई आरोपी अभी भी फरार हैं। आशंका जताई जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और भी कई बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं।

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर कोयले की यह चोरी कब से चल रही थी? क्या यह सिर्फ एक डिपो तक सीमित है या पूरे जिले में फैले कोयला कारोबार में ऐसा ही खेल चल रहा है? फिलहाल सकरी पुलिस इस काले कारोबार की परत-दर-परत जांच में जुटी हुई है।