डेस्क खबरबिलासपुर

बंद दरवाजे के पीछे शराब का कारोबार! बाहर ताला, अंदर से चल रही शराब की ‘होम डिलीवरी’
सकरी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का वीडियो वायरल, पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल ?



डेस्क खबर बिलासपुर../  एक ओर बिलासपुर पुलिस नशे के खिलाफ अभियान चलाकर अवैध कारोबारियों पर शिकंजा कसने का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर सकरी थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री का खेल खुलेआम जारी है। अमेरी क्षेत्र से सामने आए एक वीडियो ने पुलिस की सक्रियता और खुफिया तंत्र पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि मकान के मुख्य दरवाजे पर बाहर से ताला लटका हुआ है, लेकिन अंदर से शराब प्रेमियों को शराब उपलब्ध कराई जा रही है। ग्राहक पहुंचते हैं, पैसे देते हैं और फिर घर के भीतर से शराब की सप्लाई कर दी जाती है। बाहर से घर बंद दिखता है, लेकिन अंदर अवैध कारोबार धड़ल्ले से संचालित हो रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री हो रही है। कई बार शिकायतें भी की गईं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कोचियों के हौसले बुलंद हैं।

यही वजह है कि शराब का यह कारोबार बेखौफ होकर चल रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सकरी थाना क्षेत्र में सिर्फ अवैध शराब ही नहीं, बल्कि गांजा और कबाड़ से जुड़े गैरकानूनी कारोबार भी फल-फूल रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर पुलिस को इन गतिविधियों की जानकारी नहीं है या फिर जानबूझकर कार्रवाई से दूरी बनाई जा रही है।


अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद लोगों की नजर पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी है। देखना होगा कि नशे के खिलाफ अभियान का दावा करने वाली पुलिस इस मामले में कितनी तत्परता दिखाती है और कितनी जल्द कोचिए की पहचान कर क्षेत्र के शराब के अवैध शराब बेचने वालों की तालाबंदी करती है ताकि आगे से ताला बंद कर अवैध रूप से शराब बिक्री का वीडियो सामने ना आ सके ।

error: Content is protected !!