

डेस्क खबर बिलासपुर../बेलतरा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत साइंस कॉलेज के पास आयोजित भव्य कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की सुविधा एवं समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कुल 369.01 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं शिलापूजन किया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से साइंस कॉलेज सीपत रोड से शनिचरी रपटा तक सड़क निर्माण कार्य का शिलापूजन किया गया, जिसकी लागत 334.02 लाख रुपये है। यह सड़क निर्माण कार्य क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ-साथ आमजन को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराएगा।

इसके साथ ही साइंस कॉलेज के पास 20 लाख रुपये की लागत से व्यायाम शाला भवन निर्माण कार्य का भी शिलापूजन किया गया। इससे युवाओं एवं खेल प्रेमियों को आधुनिक सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 58 अंतर्गत काली मंदिर चौक में 4.99 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य तथा भक्तमाता कर्मा नगर, खमतराई में 10 लाख रुपये की लागत से सांस्कृतिक भवन निर्माण कार्य का शिलापूजन किया गया। इन भवनों के निर्माण से क्षेत्र में सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को नया विस्तार मिलेगा।
इस अवसर पर बेलतराविधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं केंद्रीय मंत्री तोखन साहू के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य निरंतर गति पकड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि आमजन के जीवन को सरल, सुरक्षित एवं सुविधायुक्त बनाना है। सड़क, व्यायाम शाला एवं सांस्कृतिक भवन जैसे कार्य क्षेत्र के विकास को नई दिशा देंगे और बेलतरा विधानसभा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाएंगे।

उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे तथा हर वार्ड एवं हर मोहल्ले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण यह रहा कि विधायक सुशांत शुक्ला के आग्रह पर महिलाओं के सम्मान और सहभागिता को बढ़ावा देते हुए महिला जनप्रतिनिधियों द्वारा भूमिपूजन एवं शिलापूजन की विधि संपन्न कराई गई। इस पहल को उपस्थित जनसमूह ने सराहा और इसे महिलाओं के सम्मान का प्रेरणादायी संदेश बताया।

कार्यक्रम में बिलासपुर नगर निगम महापौर श्रीमती पूजा विधानी, एमआईसी सदस्य तिलक साहू, बंधू मौर्य, रेखा ओमप्रकाश पांडेय, रुपाली अनिल गुप्ता, रेखा सूर्यवंशी, मनोरमा विजय यादव, कमला पुरुषोत्तम पटेल, जय वाधवानी, प्रितेश सोनी, अमित मिश्रा, रमेश पटेल, हेमंत मरकाम, मंडल अध्यक्ष मोनू रत्नाकर श्रीवास, पवन कश्यप, शैलेष गोरख, सीता सिंह, कमल पटेल, त्रिदेव रजक, ऋषभ चतुर्वेदी, अंकिता शुक्ला, सोनम ध्रुव, सुनीता साहू, रिंकू सिंह, किरण सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
