डेस्क खबररायपुर

भटगांव को 6.97 करोड़ की सौगात, गोबरी नदी पर बनेगा हाईलेवल पुल; 2.40 किमी सड़क को भी मंजूरी
मंत्री एवं विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से दो बड़े निर्माण कार्यों को मिली प्रशासनिक स्वीकृति, ग्रामीणों को आवागमन में मिलेगी राहत



डेस्क खबर रायपुर/भटगांव../भटगांव विधानसभा क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के निर्माण को लेकर दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों को प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री एवं भटगांव विधायक लक्ष्मी राजवाड़े के प्रयासों से स्वीकृत इन दोनों कार्यों पर कुल 6 करोड़ 97 लाख 80 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने और संपर्क मार्गों के विस्तार की उम्मीद है।
स्वीकृत कार्यों में पहला निर्माण गंगोटी-शिवप्रसादनगर से डुमरिया मार्ग पर गोबरी नदी में उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का है। इसके लिए 3 करोड़ 51 लाख 29 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पुल के निर्माण से नदी के आसपास बसे गांवों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। विशेषकर बरसात के दिनों में नदी के कारण आवागमन प्रभावित होने की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, दूसरा कार्य ग्राम पंचायत कुन्दाबस्ती से जुना तालाब बांधभीठ तक 2.40 किलोमीटर सड़क का निर्माण है। पुल-पुलियों सहित बनने वाले इस मार्ग के लिए 3 करोड़ 46 लाख 51 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। सड़क बनने से स्थानीय ग्रामीणों को आने-जाने में सहूलियत मिलेगी और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि भटगांव विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाना उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप सड़क, पुल और अन्य विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
दोनों निर्माण कार्यों की स्वीकृति से क्षेत्र में सड़क और पुल-पुलियों के विकास को गति मिलने की उम्मीद है। इन कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही दैनिक गतिविधियों में भी सहूलियत होगी।

error: Content is protected !!