छत्तीसगढ़डेस्क खबर

छत्तीसगढ़ में दिल दहला देने वाली वारदात ,72 घंटे बाद भी आरोपी फरार, पुलिस पर उठे सवाल.! टी एस सिंहदेव का बड़ा बयान .!



डेस्क खबर ./ छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर में एक बेहद गंभीर और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शहर के महामाया द्वार के पास फुटपाथ पर एक महिला के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया है और लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना को लेकर सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि 72 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। फुटेज में आरोपी को महिला के साथ चलते हुए देखा गया है, जिसके बाद यह आशंका जताई जा रही है कि घटना पूर्व नियोजित हो सकती है। बावजूद इसके, अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।


इस घटना को लेकर पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव का भी बयान सामने आया है। उन्होंने गहरी पीड़ा व्यक्त करते हुए कहा कि “अंबिकापुर आज रो रहा है और हर संवेदनशील व्यक्ति शर्मिंदगी महसूस कर रहा है।” उन्होंने इस घटना को देश के चर्चित मामलों जैसी ही भयावह बताते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब शहर का व्यस्त इलाका भी सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिकों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा है। जनता की मांग है कि आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी हो, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए और दोषी को ऐसी सख्त सजा दी जाए जो समाज के लिए मिसाल बने। यह घटना सिर्फ एक अपराध नहीं, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बड़ा सवाल बनकर खड़ी हो गई है।

error: Content is protected !!