डेस्क खबर

PV ऐप के विरोध में पटवारी हड़ताल पर: 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल, किसानों का फसल बीमा क्लेम अटकेगा*

*

डेस्क खबर सुकमा।* छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ जिला सुकमा 13 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जा रहा है। जिला अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार जिराम के नेतृत्व में संघ ने कलेक्टर सुकमा को ज्ञापन सौंपा है।


*हड़ताल क्यों?*

संघ ने बताया कि इस वर्ष से डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS) के माध्यम से रियल टाइम जियो रिफरेंस्ड मैप के अनुसार फोटो के साथ गिरदावरी का काम 95% पूरा हो चुका है। लेकिन जिन खसरों का नक्शा DCS ऐप में उपलब्ध नहीं है, वहां पटवारी को खेत के चारों तरफ घूमकर नक्शा ड्रा कर लोकेशन लेनी पड़ रही है। खड़ी फसल, नदी-नालों में पानी और जंगलों के बीच खेत होने से मौके पर पहुंचना ही बेहद कठिन है।



सरकार ने 18 सितंबर को नया PV ऐप लॉन्च किया और 30 सितंबर तक काम पूरा करने को कहा। इसी बीच प्राइवेट सर्वेयरों की गिरदावरी की जांच और मौके पर सुधार का काम भी पटवारियों को करना है। इन व्यावहारिक दिक्कतों से 21 सितंबर को ही शासन को अवगत करा दिया गया था और प्रांत स्तर पर PV ऐप का बहिष्कार भी किया गया था। संघ की मांग थी कि नक्शा-विहीन खसरों के लिए मैनुअल गिरदावरी का प्रावधान रखा जाए, लेकिन शासन ने ध्यान नहीं दिया।



उल्टा बलौदाबाजार, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में ट्रांसफर, कारण बताओ नोटिस और महासमुंद में निलंबन जैसी दमनात्मक कार्यवाही शुरू कर दी गई। जिससे नाराज होकर संघ लोकतांत्रिक तरीके से बेमुद्दत हड़ताल पर जाने को मजबूर हुआ है। वेतन विसंगति और पदोन्नति जैसी लंबित मांगें भी इसमें शामिल हैं।



*किसानों को होगा बड़ा नुकसान*

पटवारियों के हड़ताल पर जाने से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किया जाने वाला *फसल कटाई प्रयोग (CCE)* पूरी तरह ठप हो गया है। अभी धान सहित कई फसलों की कटाई शुरू हो गई है। अगर हड़ताल लंबी खिंची तो जिन किसानों की फसल खराब हुई है और जो बीमा क्लेम के दायरे में आते हैं, वे समय पर CCE नहीं होने से बीमा लाभ से वंचित हो सकते हैं।

error: Content is protected !!