डेस्क खबर

विजयादशमी के उपलक्ष्य में कुसमी में आरएसएस का पथ संचलन, जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत

शस्त्र पूजन के बाद हुआ बौद्धिक कार्यक्रम, सामाजिक समरसता, एकता और राष्ट्रसेवा का दिया संदेश



राहुल गुप्ता

डेस्क खबर /  बलरामपुर/ कुसमी। विजयादशमी के उपलक्ष्य में शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की ओर से कुसमी नगर में पथ संचलन निकाला गया। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर से शुरू हुआ संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान गणवेशधारी स्वयंसेवक अनुशासित ढंग से कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। नगर में जगह-जगह माताओं और बहनों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।



पथ संचलन के पश्चात शस्त्र पूजन किया गया। इसके बाद बौद्धिक कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रचारक आत्मशरण उपाध्याय उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता बालेश्वर राम नायक ने की, जो अनुसूचित जनजाति से सरगुजा संभाग के उपाध्यक्ष हैं। मंच पर खंड संघचालक परशुराम शास्त्री उपस्थित रहे। वहीं मंडल पालक विशाल गुप्ता की निगरानी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।



बौद्धिक कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज में एकता, अनुशासन और सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से आपसी भेदभाव से ऊपर उठकर मिल-जुलकर रहने, सामाजिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और राष्ट्रहित में अपना योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही स्वयंसेवकों के जीवन में सेवा, समर्पण और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को संगठित और जागरूक बनाने का संदेश दिया गया।


पथ संचलन के दौरान नगरवासियों द्वारा जगह-जगह की गई पुष्पवर्षा आकर्षण का केंद्र रही। माताओं और बहनों ने उत्साहपूर्वक स्वयंसेवकों का स्वागत किया। विजयादशमी के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से अनुशासन, सामाजिक सद्भाव, आपसी एकता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।

error: Content is protected !!