52 हाथियों का तांडव! सड़क पर दंतैल की दहाड़, लाठी लेकर भिड़ने पहुंचा युवक… पीछे से चीखते रहे लोग—‘अजय वापस आ जा!’ वायरल वीडियो ने उड़ाये लोगों के होश..




डेस्क खबर गौरेला-पेंड्रा-मरवाही..,/ जंगल से निकला विशालकाय दंतैल… सड़क पर चिंघाड़ता हाथी… और सामने हाथ में लाठी लेकर उसे खदेड़ने पहुंचा एक युवक! पीछे से लोग चिल्लाते रहे— ‘अजय वापस आ जा, मत छेड़!’ लेकिन युवक हाथी के सामने डटा नजर आया। यह खतरनाक नजारा कैमरे में कैद हो गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल बताया जा रहा है। जिसके बाद लोगों के होश उड़ गए। दरअसल, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और कोरबा जिले की सीमा पर 52 हाथियों के झुंड की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। वायरल वीडियो में एक दंतैल हाथी जंगल से निकलकर सड़क किनारे खड़े ट्रक के पास पहुंचता है और चिंघाड़ने लगता है। हाथी के सड़क पर डटे रहने से वाहनों की कतार लग गई। इसी दौरान युवक लाठी लेकर उसे जंगल की ओर खदेड़ने की कोशिश करता दिखाई दिया। हाथी के सामने ऐसी हरकत जानलेवा साबित हो सकती थी।
बताया जा रहा है कि 52 हाथियों का यह झुंड करीब एक सप्ताह से कोरबा-पेंड्रा सीमा पर विचरण कर रहा है। हाथियों ने खेतों में घुसकर धान की खड़ी फसल को रौंद दिया, जबकि खलिहानों में रखे धान को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।हालात ऐसे हैं कि ग्रामीण रात-रात भर जागकर फसलों की रखवाली करने को मजबूर हैं। खेतों में खड़ी फसल बचाएं या हाथियों से अपनी जान—ग्रामीणों के सामने बड़ा संकट खड़ा हो गया है।
वन विभाग की चुनौती, ग्रामीणों की सुरक्षा पर सवाल!
अब सवाल है कि जब 52 हाथियों का झुंड सीमा क्षेत्र में लगातार मौजूद है, तो ग्रामीणों की सुरक्षा और हाथियों की निगरानी के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं?
डंकाराम टीम भी अपील करता है कि हाथी को लाठी दिखाकर खदेड़ने या उसके करीब जाने की कोशिश न करें। हाथियों से दूरी बनाए रखें और उनकी मौजूदगी की सूचना तत्काल वन विभाग को दें। क्योंकि एक छोटी-सी लापरवाही इंसान और वन्यजीव, दोनों की जान पर भारी पड़ सकती है।
