

डेस्क खबर ./ कोरबा जिले के घंटाघर चौपाटी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जिसने लोगों की सेहत और खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। यहां एक सोडा-गन्ना जूस की दुकान में इस्तेमाल की जा रही बर्फ के भीतर मरा हुआ मेंढक मिलने से मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक ग्राहकों के लिए जूस तैयार कर रहा था और उसमें डालने के लिए बर्फ तोड़ रहा था। इसी दौरान बर्फ के टुकड़े में मरा हुआ मेंढक दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद ग्राहक और स्थानीय लोग दंग रह गए। कुछ ही देर में घटना की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई।
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बर्फ के अंदर मरा हुआ मेढक देख लोगों में इसको लेकर काफी नाराजगी देखी जा रही है। चौपाटी संघ के अध्यक्ष रवि वर्मा भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने खुद बर्फ तोड़कर मेंढक को बाहर निकलवाया।
जूस सेंटर संचालक ने यह बर्फ निहारिका क्षेत्र की एक दुकान से खरीदी थी, जिसे थोक में फैक्ट्री से लाया गया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए चौपाटी संघ ने संबंधित बर्फ फैक्ट्री संचालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, खाद्य एवं औषधि विभाग ने पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया है। हालांकि घटना के बाद भी संबंधित जूस दुकान का संचालन जारी है ।
