

अजय कुमार की कलम से
डेस्क खबर कोरबा./ शहर में बढ़ते अपराध के बीच एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के पंचवटी मार्ग पर ड्यूटी के लिए जा रही एक नर्स पर अज्ञात युवक ने पीछे से चाकू से हमला कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब युवती अपनी स्कूटी से अस्पताल जा रही थी।
जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार हमलावर अचानक पीछे से आया और वार कर मौके से फरार हो गया। घायल होने के बावजूद नर्स ने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत अपने परिचित को फोन कर मदद मांगी। स्थिति गंभीर होने के बावजूद वह अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में जांच शुरू कर दी गई है। हमलावर की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। शुरुआती जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि मामला आपसी रंजिश का है या किसी एकतरफा प्रेम प्रसंग से जुड़ा हुआ है। गौरतलब है कि कोरबा में बीते 24 घंटे के भीतर चाकूबाजी की यह दूसरी घटना है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है इस घटना के बाद से कानून व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है ।