एक दूल्हा, दो दुल्हनें: छत्तीसगढ़ की अनोखी शादी ने सबको चौंकाया, दूल्हे और दुल्हनों की खुशियों का वीडियो वायरल !


डेस्क खबर ../ छत्तीसगढ़ के एक अनोखी और हैरान कर देने वाली शादी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना दिया है। कोंडागांव के फरसगांव ब्लॉक के बैलगांव में एक युवक ने एक ही मंडप में दो युवतियों के साथ सात फेरे लेकर विवाह रचाया। इस अनोखी शादी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है । इस वीडियो में देखा जा सकता कि किस तरह एक युवक ने दो पत्नियों के साथ फेरे लगाए और उसके बाद अपनी शादी के इस अवसर पर दोनों पत्नियों के साथ जमकर डांस करते हुए अपनी खुशी भी जाहिर की ।

जानकारी के मुताबिक, इस विवाह की सबसे खास बात यह रही कि दूल्हे के साथ-साथ दोनों दुल्हनों की भी इसमें पूरी सहमति थी। किसी तरह का विवाद या दबाव नहीं था, बल्कि आपसी समझ और सहमति के आधार पर यह फैसला लिया गया। ग्रामीणों के अनुसार, यह विवाह स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के तहत संपन्न हुआ, जहां समुदाय की मान्यता को विशेष महत्व दिया जाता है।
शादी समारोह में गांव के कई लोग शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ सभी रस्में निभाई गईं। मंडप में दूल्हे ने दोनों दुल्हनों के साथ बारी-बारी से फेरे लिए और विवाह की सभी परंपराएं पूरी की गईं। इस अनोखे विवाह को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने इस पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। वहीं, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोग इस शादी को लेकर अलग-अलग तरह की चर्चा कर रहे हैं। कुछ लोग इसे परंपरा और सहमति का उदाहरण बता रहे हैं, तो कुछ इसे हैरान करने वाला मामला मान रहे हैं। फिलहाल, यह अनोखी शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों के बीच जिज्ञासा का कारण बनी हुई है।