

डेस्क खबर बिलासपुर./ शहर के सरकंडा क्षेत्र में बंद दुकान के अंदर चल रहे संदिग्ध कबाड़ कारोबार का खुलासा पुलिस ने ड्रोन कैमरे की मदद से किया है। साइंस कॉलेज रोड से शनिचरी मार्ग में स्थित विक्की रजक की कबाड़ दुकान पर पुलिस ने छापा मारते हुए करीब 3.30 टन कबाड़ जब्त किया है। जप्त किए गए कबाड़ की कीमत लगभग ढाई लाख रुपये बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि बंद दुकान के अंदर चोरी के सामान की खरीदी और खपाने का काम किया जा रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस ने ड्रोन कैमरे से इलाके की निगरानी शुरू की। ड्रोन कैमरे में दुकान के भीतर संदिग्ध गतिविधियां ,गाड़िया और कबाड़ का भंडार नजर आने और गाड़ियों में बाद सरकंडा पुलिस ने मौके पर छापा मारा।
छापेमारी के दौरान दुकान के अंदर बड़ी मात्रा में कबाड़ मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि कबाड़ के बीच चोरी के सामान भी खपाए जा रहे थे। फिलहाल पुलिस जब्त किए गए सामान की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कबाड़ कहां से लाया गया और इसमें चोरी का माल तो शामिल नहीं है। सरकंडा पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है। वही पुलिस की कार्यवाही से जिले के अन्य थाना क्षेत्रों के कबाड़ियों में हड़कंप मचा हुआ है ।
