ज्वेलरी शॉप से पौने दो करोड़ का सोना पार, लाल साड़ी वाली महिला ने साथी के साथ मिलकर उड़ाया बॉक्स…1200 ग्राम सोने से भरा बॉक्स लेकर फरार हुई महिलाएं; CCTV में कैद हुई पूरी वारदात ..


डेस्क खबर जगदलपुर../ शहर के व्यस्त पैलेस रोड स्थित मोती ज्वेलरी में उठाईगिरी की बड़ी वारदात सामने आई है। दुकान से करीब 1200 ग्राम सोने से भरा बॉक्स गायब हो गया। इसकी कीमत लगभग पौने दो करोड़ रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दुकान में भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं ने इस वारदात को अंजाम दिया। CCTV फुटेज में लाल साड़ी पहनी एक महिला काउंटर से सोने का बॉक्स उठाकर अपनी दूसरी महिला साथी को देती नजर आ रही है। इसके बाद दोनों महिलाएं मौके से निकल गईं। इस फुटेज में अन्य लोग भी नजर आ रहे है।
फुटेज देखकर आशंका जताई जा रही है कि महिलाओं ने पहले से योजना बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।दिनदहाड़े ज्वेलरी शॉप से इतनी बड़ी मात्रा में सोना गायब होने की घटना से व्यापारियों में चिंता का माहौल है।
