डेस्क खबरबिलासपुर

सरकंडा में कानून-व्यवस्था पर सवाल! थाना प्रभारी बदले, लेकिन अपराधियों के हौसले नहीं? बहतराई में दिनदहाड़े 6 से 8 युवतियों के बीच मारपीट, अटल आवास में रात के अंधेरे में दो युवतियां भिड़ीं..



डेस्क खबर बिलासपुर।../ प्रदेश के दूसरे सबसे बड़े शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। थाना प्रभारी बदलने के बाद भी क्षेत्र में मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नजर नहीं आने की शिकायतें सामने आ रही हैं। पिछले दिनों दो अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। इन वीडियो ने पुलिस की गश्त और अपराध नियंत्रण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहला मामला बहतराई का है, जहां दिनदहाड़े सड़क पर 6 से 8 युवतियों के बीच जमकर मारपीट होती दिखाई दे रही है। सड़क पर हुए इस विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं दूसरा मामला अटल आवास का बताया जा रहा है, जहां रात के समय दो युवतियों के बीच विवाद के बाद मारपीट का वीडियो सामने आया है।


दोनों घटनाएं अलग-अलग समय और स्थान की हैं, लेकिन इनसे सरकंडा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर चोरी, नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों को लेकर भी शिकायतें सामने आती रही हैं।


सवाल यह है कि जब दिनदहाड़े सड़क पर मारपीट हो रही है और रात के समय आवासीय इलाकों में विवाद हिंसक रूप ले रहे हैं, तो पुलिस की नियमित गश्त कितनी प्रभावी है? क्या संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी पर्याप्त है?
थाना प्रभारी बदलने से क्या क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी, या फिर सरकंडा में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस को अपनी रणनीति में बदलाव करना होगा?
फिलहाल वायरल वीडियो के आधार पर घटनाओं की परिस्थितियों और संबंधित लोगों की पहचान की पुष्टि होना बाकी है। लेकिन इन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन के सामने एक अहम सवाल जरूर खड़ा कर दिया है—सरकंडा में तेजी से अपराध का ग्राफ बढ़ रहा है और इन पर अंकुश लगाने में फिलहाल पुलिस असफल साबित होती दिख रही है।

error: Content is protected !!