

बिलासपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्या धाम की निशुल्क यात्रा को लेकर बिलासपुर में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का पंजीयन 1 मार्च से सिविल लाइन स्थित पुलिस मैदान में शुरू होगा। सीमित सीटों को देखते हुए पंजीयन प्रक्रिया पहले आओ–पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि दर्शनार्थियों को स्वयं उपस्थित होकर ही पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।

यात्रा संयोजक एवं समाजसेवी प्रवीण झा की पहल पर लगातार तीसरे वर्ष इस धार्मिक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष 25 मार्च को सुबह 11 बजे पुलिस ग्राउंड से 1008 रामभक्तों का जत्था अयोध्या के लिए रवाना होगा, जहां श्रद्धालु 26 मार्च को रामनवमी के अवसर पर भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे। यात्रा के लिए 25 बसों एवं 10 कारों की व्यवस्था की गई है।

पंजीयन प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10:30 बजे तक किया जाएगा। आयोजन समिति ने बताया कि एक परिवार से अधिकतम दो लोगों को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। साथ ही पूर्व के दो वर्षों में यात्रा कर चुके श्रद्धालुओं को इस बार अवसर नहीं दिया जाएगा, ताकि नए श्रद्धालुओं को शामिल होने का मौका मिल सके।

पंजीयन के लिए श्रद्धालुओं को दो पासपोर्ट साइज फोटो एवं आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करनी होगी। यात्रा में शामिल होने के लिए आयु सीमा 18 से 65 वर्ष निर्धारित की गई है तथा पूर्णतः स्वस्थ होना आवश्यक रहेगा। बिना पंजीयन किसी को यात्रा में शामिल नहीं किया जाएगा।
आयोजन समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। यात्रियों के लिए भोजन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यापक व्यवस्था की जा रही है, ताकि यात्रा सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।