

डेस्क खबर बिलासपुर. पेंड्रा ./ बिलासपुर संभाग के बिलासपुर शहर और पेंड्रा गौरेला क्षेत्र से बाइक सवारों के हमले और लूट के मामले सामने आए है । दोनों वारदात घटनास्थल में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है । बिलासपुर शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत हेमू नगर से दिनदहाड़े महिला पर हमले की बड़ी घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार स्कूटी सवार महिला पर दो बाइक सवार बदमाशों ने नुकीली धारदार चीज से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। हमलावरों ने अचानक वार किया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घायल महिला की पहचान ज्योति सिंह के रूप में हुई है, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक नशे की हालत में थे और आशंका है कि छीना झपटी के लिए इस वारदात को अंजाम दिया होगा । फिलहाल आरोपियों को जल्द पकड़ने का दावा पुलिस ने किया है .
वहीं, गौरेला थाना क्षेत्र अंतर्गत पुराना गौरेला खैरमाई चौक के पास भी बाइक सवार युवकों द्वारा मोबाइल लूट की वारदात सामने आई है। पीड़िता रिया साहू ने गौरेला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। बताया गया कि मदीना मस्जिद के सामने अज्ञात बाइक सवार युवकों ने मोबाइल छीनकर फरार हो गए। यह घटना भी सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई है। गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।