

डेस्क खबर बिलासपुर../ बिलासपुर जिले के सकर्रा गांव में स्थित सरकारी स्कूल से स्टंट का खौफनाक वीडियो सामने आया । गंभीर और चौंकाने वाला वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि शासकीय स्कूल की विदाई पार्टी के दौरान छात्रों ने खतरनाक स्टंट कर डाले। सोशल मीडिया पर रील बनाने के जुनून में कुछ छात्र कार और ट्रैक्टर लेकर सीधे स्कूल परिसर में घुस गए। यह पूरी घटना न केवल नियमों की खुलेआम अनदेखी है, बल्कि छात्रों की जान को जोखिम में डालने वाली भी थी।
जानकारी के अनुसार, विदाई समारोह के दौरान छात्रों ने तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए स्टंट शुरू किया। इसी दौरान कार और ट्रैक्टर के बीच टक्कर हो गई। गनीमत यह रही कि हादसे में कोई छात्र गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कुछ ही पलों में बड़ा हादसा हो सकता था। स्कूल परिसर में मौजूद अन्य छात्र और शिक्षक भी इस घटना से सहमे नजर आए। सबसे चिंताजनक पहलू यह रहा कि मौके पर मौजूद प्राचार्य और शिक्षक पूरे घटनाक्रम के दौरान मूकदर्शक बने रहे। न तो छात्रों को रोका गया और न ही वाहनों को परिसर से बाहर हटवाया गया। अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्कूल प्रबंधन की लापरवाही पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदारों पर कब कार्यवाही होती है ।