

डेस्क खबर बिलासपुर रतनपुर./ जिले के रतनपुर क्षेत्र के ग्राम गढ़वट, सरवनदेवरी एवं खैरखुण्डी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन की जांच के दौरान एक गंभीर घटना सामने आई है। जांच के दौरान ग्राम खैरखुण्डी, तहसील बेलतरा निवासी रितुराज सिंह पिता कमलभान सिंह को अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर के माध्यम से परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
मौके पर जब वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, तो चालक ने ट्रैक्टर में लोड रेत को नदी में ही आधा-अधूरा खाली कर दिया और वाहन लेकर भागने लगा। इसी दौरान आरोपी चालक द्वारा राहुल साहू, नायब तहसीलदार के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। स्थिति को भांपते हुए नायब तहसीलदार ने कूदकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद आरोपी चालक लापरवाहीपूर्वक अत्यधिक गति से वाहन चलाते हुए बस्ती की ओर भाग गया, जिससे रास्ते में मौजूद लोगों की जान को खतरा उत्पन्न हो गया। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ में बताया गया कि उक्त चालक पूर्व में भी इसी प्रकार लापरवाही से वाहन चलाता रहा है तथा आदतन अपराधी बताया जा रहा है।
प्रशासन द्वारा आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए रतनपुर थाना में धारा 151 के तहत मामला दर्ज कर उसे बेलतरा तहसील में प्रस्तुत किया गया। हालांकि, घटना के बाद अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर को छोड़े जाने को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि जब चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है, तो अवैध उत्खनन में प्रयुक्त वाहन को क्यों छोड़ा गया।
बताया जा रहा है कि बेलतरा तहसीलदार द्वारा बीते दो दिनों से गड़वट क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन के विरुद्ध छापेमारी की जा रही है, लेकिन कुछ मामलों में ट्रैक्टरों को पकड़ने के बाद छोड़ दिए जाने से अवैध उत्खनन करने वालों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। गौरतलब है कि क्षेत्र के अवैध उत्खनन का काम तेजी से बेखौफ हो कर चल रहा है लेकिन ठोस कार्यवाही नहीं होने से इनके हौसले बुलन्द है जिसके चलते अब ये रेत चोर किसी की भी जान लेने से नहीं हिचकिचा रहे है । ऐसे में जिस बेलतरा तहसील कार्यकाल में पदस्थ नायब तहसीलदार के ऊपर जानलेवा प्रयास किया गया उसी तहसील से ऐसे आरोपी वाहन चालक को जमानत मिलना क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है ।
प्रशासन की कार्रवाई को लेकर पारदर्शिता और सख्ती की मांग स्थानीय लोगों द्वारा की जा रही है।