नाचा कार्यक्रम में खुलेआम नोट उड़ाते दिखे रोजगार सहायक, सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने से प्रशासन में मची हलचल ,


डेस्क खबर ../ गरियाबंद और सूरजपुर जिलों के बाद अब छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से भी सार्वजनिक कार्यक्रम में नोट उड़ाने का मामला सामने आया है। जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोड़ी में आयोजित पारंपरिक नाचा कार्यक्रम के दौरान रोजगार सहायक द्वारा खुलेआम नोट उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में ग्राम पंचायत पोड़ी में पदस्थ रोजगार सहायक जिंदल साय को नाचा कार्यक्रम के दौरान कलाकारों पर नोट उड़ाते हुए साफ तौर पर देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि यह घटना दो रात पुरानी बताई जा रही है , जब पंचायत क्षेत्र में नाचा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम के दौरान रोजगार सहायक मंच के पास खड़े होकर खुलेआम पैसे लुटाते नजर आए, जिसका किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
वीडियो सामने आने के बाद ग्रामीणों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि एक ओर शासन-प्रशासन सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और अनुशासन की बात करता है, वहीं दूसरी ओर जिम्मेदार पदों पर बैठे कर्मचारी इस तरह का व्यवहार कर रहे हैं, जो सरकारी आचरण नियमों के खिलाफ है।
वीडियो वायरल होते ही प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है। सूत्रों के अनुसार, मामले की प्रारंभिक जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंच चुकी है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं, तो संबंधित रोजगार सहायक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। इस बारे में रोजगार सहायक से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है ।
फिलहाल प्रशासन की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है, लेकिन मामले को लेकर जांच और सख्त कार्रवाई की मांग लगातार तेज होती जा रही है।