
डेस्क खबर कोरबा:- जिले के चचिया धान खरीदी केंद्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक जंगली हाथी अचानक धान खरीदी क परिसर में पहुंच गया। हाथी की आमद से वहां मौजूद कर्मचारियों और किसानों में डर और दहशत का माहौल बन गया। धान को नुकसान से बचाने के लिए कुछ लोग जान जोखिम में डालकर हाथी को खदेड़ने का प्रयास करते नजर आए,जिसका वीडियो भी वायरल हो रहा है । अपने धान को बचाने के लिए मौजूद लोगो ने हाथी को भगाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना में बदल सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी काफी देर तक केंद्र के आसपास मंडराता रहा और धान के बोरे उसकी जद में आ गए। हाथी के आक्रामक होने की आशंका के चलते कर्मचारियों ने सतर्कता बरती, लेकिन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं होने से हालात और गंभीर हो गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन धान को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। स्थानीय किसानों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब हाथी धान खरीदी केंद्र तक पहुंचे हों। इससे पहले भी कई बार हाथी केंद्र में घुसकर धान खा चुके हैं और नुकसान पहुंचा चुके हैं। इसके बावजूद वन विभाग और प्रशासन की ओर से अब तक कोई स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। यह घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है ।