एक्सिस बैंक के विज्ञापन पर बवाल , नवरात्रि विज्ञापन में सांता क्लॉज दिखाने पर बवाल, एक्सिस बैंक की तालाबंदी..! आखिर क्या है एड में .??


डेस्क खबर दुर्ग। नवरात्रि पर्व के बीच दुर्ग में एक्सिस बैंक के एक विज्ञापन को लेकर विवाद खड़ा हो गया। बैंक द्वारा जारी किए गए विज्ञापन में नवरात्रि से जुड़े दृश्य के साथ सांता क्लॉज को दिखाए जाने पर बजरंग दल ने कड़ी आपत्ति जताई। संगठन के पदाधिकारियों ने इसे धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ बताया और बैंक प्रबंधन से तुरंत विज्ञापन में बदलाव की मांग की।
विरोध प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक्सिस बैंक के बाहर जोरदार नारेबाजी की और पुतला दहन भी किया। इसके बाद बैंक में तालाबंदी कर माहौल को और गरमा दिया गया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि नवरात्रि जैसे पावन पर्व को सांता क्लॉज जैसे प्रतीक से जोड़ना हिंदू समाज का अपमान है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विज्ञापन से आपत्तिजनक दृश्य नहीं हटाया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उधर, बैंक अधिकारियों ने स्थिति को देखते हुए प्रदर्शनकारियों से चर्चा की और कहा कि इस विज्ञापन को लेकर गंभीरता से विचार किया जा रहा है। जल्द ही एड में सुधार कर सांता क्लॉज वाले दृश्य को हटाया जाएगा। फिलहाल, इस पूरे प्रकरण से शहर में नवरात्रि के बीच माहौल गर्म हो गया है।