डेस्क खबर

मां काली के वेश में युवती का अश्लील डांस वीडियो वायरल, हिंदू संगठनों का विरोध – FIR की मांग, युवती ने मांगी माफी..मेरी नहीं ऐसी मंशा .??



डेस्क खबर । सोशल मीडिया पर मां काली की वेशभूषा धारण कर एक युवती द्वारा डांस करने का मामला तूल पकड़ गया है। जानकारी के मुताबिक, मालती बमरोलिया नाम की युवती ने मां काली का रूप धारण कर अश्लील गाने पर डांस करते हुए एक रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होते ही हिंदू संगठनों ने इसे धार्मिक आस्थाओं पर चोट बताते हुए कड़ी आपत्ति दर्ज कराई।



हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि शिकायत लेकर ग्वालियर एसपी कार्यालय पहुंचे और युवती के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। उनका कहना है कि नवरात्रि के पावन अवसर पर इस तरह का वीडियो बनाकर अपलोड करना जानबूझकर हिंदू समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की कोशिश है। संगठनों का आरोप है कि देवी-देवताओं का उपहास कर अश्लीलता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।



मामले के तूल पकड़ने के बाद युवती ने एक नया वीडियो जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है। वीडियो में मालती बमरोलिया हाथ जोड़कर कहती नजर आई कि वीडियो बनाते समय उनसे गाने का चुनाव करने में गलती हो गई। उनका कहना है – “मैं खुद मां काली की भक्त हूं और रोज मंदिर जाती हूं। मेरी मंशा किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचाने की नहीं थी। गलती से वीडियो में गलत गाना लग गया, जिसके लिए मैं बेहद शर्मिंदा हूं और हाथ जोड़कर सभी से माफी मांगती हूं।”
फिलहाल पुलिस शिकायत पर जांच कर रही है। वहीं, संगठनों का कहना है कि माफी मांगने के बावजूद ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई जरूरी है ताकि भविष्य में कोई भी धार्मिक भावनाओं के साथ खिलवाड़ करने की हिम्मत न कर सके। इस पूरे घटनाक्रम ने शहर में गरमा-गरमी का माहौल खड़ा कर दिया है। वहीं पूरे मामले में ग्वालियर पुलिस ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है ।

error: Content is protected !!