

सूरजपुर जिले में जमीन की रजिस्ट्री से जुड़ा हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक आदिवासी महिला, जिसका निधन कई साल पहले हो चुका है, उसके नाम पर 10 एकड़ कृषि भूमि की रजिस्ट्री कर दी गई। इस घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है और ग्रामीणों ने अधिकारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
मामला भैयाथान ब्लॉक के ग्राम पंचायत सोनपुर का है। जानकारी के मुताबिक, गांव की आदिवासी महिला ऋषि बाई, पति स्व. बलीराम उरांव की मृत्यु वर्ष 2018 में ही हो चुकी थी। इसके बावजूद नरेशपुर की रहने वाली एक महिला ने अपने आधार कार्ड में हेराफेरी करते हुए मृत महिला का नाम और पति का नाम दर्ज करवा लिया। आधार में हुए इस बदलाव के सहारे उसने खुद को मृतक महिला साबित किया और करीब 10 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री करा ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस पूरे कांड में राजस्व विभाग और रजिस्ट्री कार्यालय के अधिकारियों की मिलीभगत के बिना ऐसा संभव नहीं हो सकता। जनप्रतिनिधियों ने इस धोखाधड़ी की शिकायत सूरजपुर के पुलिस अधीक्षक से की है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो वे सामूहिक आंदोलन करेंगे। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर ली है और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी है। यह मामला न केवल जमीन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि थोड़ी सी लापरवाही से किस तरह मृतक के नाम पर भी जमीन हड़पने का खेल खेला जा सकता है।