डेस्क खबर

अब मोबाइल एप से होगी शिक्षकों की हाजिरी, एआई रखेगा रियल टाइम नजर

छत्तीसगढ़ सरकार ने शिक्षकों की उपस्थिति पर सख्ती बरतते हुए नई डिजिटल व्यवस्था लागू कर दी है। शुरुआती चरण में महासमुंद, बेमेतरा, दंतेवाड़ा, सूरजपुर और रायगढ़ जिले के सरकारी स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों को अब मोबाइल एप के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। यह एप आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संचालित है और इसकी मदद से केवल स्कूल परिसर के अंदर ही हाजिरी लगाना संभव होगा।

शिक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, इस पहल से शिक्षकों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित की जा सकेगी और बच्चों की पढ़ाई में निरंतरता बनी रहेगी। अब घर बैठे या किसी अन्य स्थान से उपस्थिति दर्ज कराने की संभावना समाप्त हो जाएगी। एप की डिजाइनिंग आइआइटी भिलाई के तकनीकी सहयोग से की गई है।

नई प्रणाली का ट्रायल करीब 20 हजार शिक्षकों पर किया गया था, जिसमें सकारात्मक परिणाम सामने आए। सफल परीक्षण के बाद अब इसे औपचारिक रूप से लागू कर दिया गया है। इस व्यवस्था से स्कूल प्रमुखों की जवाबदेही भी तय होगी, क्योंकि यदि उपस्थिति या कक्षा संचालन में कोई गड़बड़ी सामने आती है तो कार्रवाई सीधे प्रधानाध्यापक तक पहुंचेगी।

राज्य के शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव का कहना है कि इस कदम से शिक्षण व्यवस्था में पारदर्शिता बढ़ेगी और छात्रों को नियमित रूप से पढ़ाई का लाभ मिलेगा। आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों के 56 हजार से अधिक स्कूल और करीब 1.80 लाख शिक्षक इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़े जाएंगे। इसके लिए राजधानी रायपुर में “विद्या समीक्षा केंद्र” की स्थापना की गई है, जहां से पूरे प्रदेश की गतिविधियों की निगरानी होगी।

error: Content is protected !!