डेस्क खबर

रिसोर्ट के गार्डन में दिखे दो जंगली भालू, दहशत में पर्यटक और कर्मचारी..! वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप ..!



अजय राय की कलम से
डेस्क खबर कोरबा ../ जिले के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल स्थित सतरेंगा रिसोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अचानक दो जंगली भालू गार्डन क्षेत्र में घूमते नजर आए। वहां मौजूद पर्यटकों और कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भालू पास के जंगल से निकलकर सीधे गार्डन में आ गए और देर तक वहां खेलते व घूमते रहे। इस दौरान रिसोर्ट में ठहरे पर्यटक और स्टाफ भयभीत होकर सुरक्षित स्थान तलाशते रहे। वहीं अचानक घूमते भालुओं को देख कर पर्यटक काफी सहमे नजर आए ।



स्थानीय महिलाओं ने बताया कि सतरेंगा रिसोर्ट क्षेत्र में अक्सर रात को बिजली गुल हो जाती है। अंधेरे का फायदा उठाकर भालू गार्डन में प्रवेश कर जाते हैं। इसी वजह से महिलाएं शाम 6 बजे के बाद गार्डन की गतिविधियां बंद कर देती हैं। पर्यटकों का कहना है कि भालुओं की बढ़ती आवाजाही से रिसोर्ट में ठहरने के दौरान लगातार खतरे का अहसास बना रहता है।स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। आए दिन जंगली जानवर जंगल से निकलकर रिसोर्ट और आसपास की बस्तियों में घुस आते हैं। भालुओं की मौजूदगी से लोगों में दहशत का माहौल है। पर्यटकों ने भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ी घटना हो सकती है। इस मामले में वन विभाग के अधिकारियों ने स्वीकार किया कि क्षेत्र में जंगली भालुओं की संख्या अधिक है। भोजन और पानी की तलाश में वे रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है और कहा है कि गश्त बढ़ाई जाएगी तथा भालुओं को जंगल की ओर खदेड़ने के प्रयास तेज किए जाएंगे।

error: Content is protected !!