सैयारा मूवी का चढ़ा कपल को खुमार, वॉटरफॉल में जान जोखिम में डाल बनाई रील,
बहते झरने के बीच कपल ने दिया खतरनाक रोमांटिक पोज ..! वीडियो हुआ वायरल…


डेस्क खबर — इन दिनों सोशल मीडिया पर रील्स बनाने की दीवानगी इस कदर हावी हो चुकी है कि लोग अपनी जान तक दांव पर लगाने से पीछे नहीं हट रहे। ताजा मामला ग्वालियर के नलकेश्वर वॉटरफॉल का है, जहां एक कपल ने फिल्म सैयारा के गानों की धुन पर बहते झरने के बीच रील बनाई। तेज बहाव के बीच खतरनाक पोज़ और स्टंट करते हुए इस वीडियो को शूट किया गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कपल फिल्मी अंदाज़ में झरने के मध्य खड़े होकर पोज़ करते दिख रहा है।
नलकेश्वर वॉटरफॉल वैसे तो शहर के युवाओं के बीच घूमने और सैर-सपाटे के लिए लोकप्रिय स्थान है, लेकिन यह जगह जितनी खूबसूरत है, उतनी ही खतरनाक भी। बीते कुछ सालों में यहां कई हादसे हो चुके हैं। हाल ही में कुछ दिन पहले ही एक युवक की पानी में बह जाने से दर्दनाक मौत हो गई थी। इसके बावजूद वहां न तो पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम हैं और न ही लोगों में सतर्कता का भाव। स्थानीय प्रशासन की ओर से कई बार चेतावनी जारी की जा चुकी है कि बारिश के मौसम में नलकेश्वर जैसे वॉटरफॉल्स में जाना जानलेवा साबित हो सकता है। बावजूद इसके, सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाह में युवा खतरों से खेलते नजर आ रहे हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस वायरल वीडियो के बाद क्या कदम उठाता है और क्या ऐसी घटनाओं पर लगाम लग पाती है या नहीं।