सूदखोरों की प्रताड़ना से तंग आकर युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत – मौत से पहले का वीडियो वायरल


डेस्क खबर ../ रायगढ़ जिले के चक्रधरनगर थाना क्षेत्र में सूदखोरों की प्रताड़ना से त्रस्त एक युवक ने आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठा लिया। मृतक रूप नारायण दीवान ने अरुण मिश्रा नामक व्यक्ति से कर्ज लिया था, जिसे वह धीरे-धीरे चुका रहा था। आरोप है कि कर्ज देने वाले अरुण मिश्रा के साथ संतोष मिश्रा और नितिन मिश्रा लगातार रूप नारायण को पैसे के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने मृतक के घर पर भी कब्जा कर लिया था, जिससे तंग आकर रूप नारायण ने कैमरे के सामने अपना बयान रिकॉर्ड किया और जहर खा लिया। परिजनों ने उसे तत्काल केजीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां से हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया। लेकिन शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। पुलिस ने मामले में गंभीरता दिखाते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब आगे की जांच में जुटी हुई है।