सरकारी आवास में मिला पीडब्ल्यूडी इंजीनियर का शव, दो दिन बाद खुला मौत का राज*


डेस्क खबर – बस्तर में पीडब्ल्यूडी क्रमांक 2 में पदस्थ एग्जीक्यूटिव इंजीनियर डीएस नेताम का शव उनके सरकारी आवास में मिला जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि शनिवार को वह रोज़ की तरह अपने कार्यालय में काम करने के बाद घर लौटे थे। इसके बाद दो दिनों तक जब वे नज़र नहीं आए और न ही किसी का फोन रिसीव किया, तो दफ्तर के कर्मचारियों ने चिंता जताई। कर्मचारियों की टीम जब उनके आवास पर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद मिला किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया जहां डीएस नेताम सोफे पर मृत अवस्था में मिले। बस्तर के एसपी ने जानकारी दी कि प्रथम दृष्टया यह मामला नेचुरल डेथ का लग रहा है। फिर भी मृत्यु के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही लग सकेगा. मौके पर मेडिकल टीम को भी बुलाया गया और उनके परिजनों को सूचित किया गया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार उनकी मौत दो दिन पहले ही हो चुकी थी, लेकिन घर में अकेले रहने के कारण किसी को इसकी भनक नहीं लग पाई। डीएस नेताम पिछले सात वर्षों से बस्तर में कार्यरत थे। वे एसडीओ के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे और दो साल पहले ही एग्जीक्यूटिव इंजीनियर के पद पर पदोन्नत हुए थे। उनका परिवार कांकेर में निवास करता है जबकि वे बस्तर में अकेले ही रहते थे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और सभी पहलुओं पर बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
