भोजन की तलाश में शिक्षक के घर में घुसा तेंदुआ, मचा हाहाकार..!
जाल मे फंसे तेंदुए को पकड़ने मे वन विभाग हुआ नाकाम.. चकमा देकर तेंदुआ हुआ फरार… ।


डेस्क खबर कांकेर। जिले के दुधावा क्षेत्र के ऊपर पारा में एक तेंदुआ भोजन की तलाश में भटकते हुए एक शिक्षक के घर में घुस गया। अचानक घर में तेंदुआ देख परिवार के लोगों में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने जाल लगाकर तेंदुए को लगभग फंसा भी लिया था लेकिन चालक जानवर देखते देखते सभी को चकमा देते हुए भागने मे कामयाब हो गया। खूंखार तेंदुए के पकड़ मे नही आने से इलाके मे भय का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों और वन अमले ने मिलकर तेंदुआ को पकड़ने के लिए जाल बिछाया, लेकिन करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद भी तेंदुआ फंदे में नहीं फंसा और जंगल की ओर भागने में सफल रहा।
बताया जा रहा है कि इसी इलाके में बीते कुछ महीनों में तेंदुआ तीन लोगों पर हमला कर चुका है, जिसमें एक मासूम बच्चे की मौत भी हो चुकी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत है कि यह वही आदमखोर तेंदुआ हो सकता है। घटना का वीडियो ग्रामीणों ने मोबाइल से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है, जिसे देखकर इलाके में सनसनी फैल गई है। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और तेंदुआ दिखने पर तुरंत सूचना देने की अपील की है।