
डेस्क खबर बिलासपुर . / बिलासपुर जिले के सकरी थाना क्षेत्र में कल देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। रायपुर–रतनपुर नेशनल हाईवे पर ग्राम सम्बलपुरी स्थित यादव ढाबा के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। इस घटना के हादसे का खौफनाक मंजर सीसीटीवी में कैद हो गया जिसमें साफ देखा जा सकता है कि रांग साइड से आ रहे ट्रेलर हादसे की वजह बना और चार लोगों की मौत हो गई ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे ट्रेलर क्रमांक CG-11-BD-9044 रतनपुर की ओर से रायपुर जा रहा था। इसी दौरान चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर अचानक रॉन्ग साइड में पहुंच गया। सामने से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG-04-MQ-4220 से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर ने पास में खड़े एक अन्य ट्रेलर को भी अपनी चपेट में लेते हुए पलटी मार दी।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग वाहन के भीतर फंस गए। सूचना मिलते ही सकरी पुलिस, डायल-112 और राहत टीम मौके पर पहुंची। गैस कटर की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।मृतकों की पहचान छत्रपाल रात्रे (37) निवासी कुवागांव, विशाल लहरें (25), अनमोल लहरें (14) निवासी बिरगहनी जिला मुंगेली तथा सोनू मिरी (28) निवासी कोटा के रूप में हुई है। वहीं प्रकाश रात्रे गंभीर रूप से घायल हैं।


बताया जा रहा है कि सभी लोग यादव ढाबा में आयोजित पारिवारिक शादी की 25वीं सालगिरह समारोह से लौट रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह हादसा हाईवे पर लापरवाह और तेज रफ्तार ड्राइविंग के खतरों की गंभीर चेतावनी बनकर सामने आया है।