
डेस्क खबर बिलासपुर: / बिलासपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे चेतना जनजागरूकता अभियान के तहत नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आज एपेक्स स्कूल, कोटा में किया गया। इस अभियान का उद्देश्य बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना और उन्हें एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है। पुलिस कप्तान के निर्देश मे बिलासपुर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ जन जागरुकता अभियान चला कर हर वर्ग , उम्र के लोगो को नशे से होने वाले दुष्प्रभाव से सचेत किया जा रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अर्चना झा और कोटा थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक रोशन आहूजा ने किया। उन्होंने बच्चों को नशे के खतरों के बारे में बताया और उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। साथ ही यह भी समझाया कि नशा न केवल व्यक्तिगत जीवन को नष्ट करता है, बल्कि समाज और परिवार पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव डालता है।

इस कार्यक्रम में बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों और उससे बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई। विशेष रूप से चेतना सॉन्ग और वीडियो के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाई गई। पुलिस अधिकारियों ने बच्चों से यह अपील की कि वे न केवल खुद नशे से दूर रहें, बल्कि अपने साथियों और परिवार के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
स्कूल के शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वे नियमित रूप से छात्रों को नशे के खतरों से अवगत कराते रहेंगे और इस अभियान में पुलिस का साथ देंगे।
बिलासपुर पुलिस का यह अभियान समाज को नशामुक्त बनाने के दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।
