डेस्क खबररायपुर

मां के पुराने विवाद का हिसाब मांगना पड़ा भारी, रिश्तेदारों ने युवक को कुल्हाड़ी से किया लहूलुहान; घर में घुसकर मां-भाई को भी पीटा


डेस्क खबर/रायपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के तिल्दा-नेवरा क्षेत्र के ग्राम जलसो में पुरानी रंजिश ने हिंसक रूप ले लिया। मां के साथ हुए पुराने विवाद को लेकर रिश्तेदारों से सवाल करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि इस बात से नाराज रिश्तेदारों ने युवक पर टंगिया (कुल्हाड़ी) से जानलेवा हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक अपने घर की ओर भागा, लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए घर में घुसकर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची मां और भाई को भी नहीं बख्शा गया। हमले में तीनों घायल हुए हैं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने घर में रखे टीवी, अलमारी समेत अन्य सामान में भी तोड़फोड़ की। मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दिवाली से पहले मां के साथ हुआ था विवाद

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, ग्राम जलसो निवासी शनिराज गोड खेती-किसानी का काम करता है। दिवाली से पहले जब वह काम के सिलसिले में गांव से बाहर गया हुआ था, उसी दौरान उसके रिश्तेदार शिव उईके, सुनीता उईके और कुछ अन्य लोग उसके घर पहुंचे थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उसकी मां रूपा के साथ विवाद हो गया था। मां ने रिश्तेदारों को फटकार लगाई थी और बाद में पूरी घटना की जानकारी अपने बेटे को दी थी। शनिराज ने भी गांव लौटने पर रिश्तेदारों से इस मामले में बात करने की बात कही थी।

रास्ते में सामना होते ही शुरू हुआ विवाद

शिकायत के मुताबिक, 27 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे शनिराज जलसो डैम की ओर से लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना शिव उईके, सुनीता उईके, सतीश उईके, शिवम उईके और अन्य लोगों से हो गया। शनिराज ने उनसे अपनी मां के साथ हुए पुराने विवाद को लेकर सवाल किया और पूछा कि उसकी गैरमौजूदगी में वे उसकी मां से विवाद क्यों करते हैं। बताया जा रहा है कि इतना सुनते ही आरोपी भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

जान बचाने घर पहुंचा युवक, हमलावरों ने वहां भी नहीं छोड़ा

आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पास की झोपड़ी से टंगिया और सब्बल उठा लिए और शनिराज की ओर दौड़ पड़े। अपनी जान बचाने के लिए वह घर की तरफ भागा, लेकिन इसी दौरान शिव उईके ने पीछे से उसके सिर पर टंगिया से वार कर दिया। घायल अवस्था में शनिराज किसी तरह घर के भीतर पहुंचा, मगर हमलावर उसका पीछा करते हुए घर में घुस गए और वहां भी उसके साथ मारपीट की।

बीच-बचाव करने आई मां और भाई भी हुए घायल

घर में मची चीख-पुकार सुनकर शनिराज की मां रूपा और भाई हरीशराज गोड बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान मां रूपा के सिर, कनपटी और कंधे में चोटें आईं, जबकि भाई हरीशराज के पैर, सीने और कनपटी में भी गंभीर चोटें पहुंचीं। मारपीट के बाद आरोपियों ने घर में जमकर उत्पात मचाया और टीवी, अलमारी सहित अन्य घरेलू सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने तिल्दा-नेवरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिव उईके, सुनीता उईके, सतीश उईके, शिवम उईके सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

नोट: खबर में घटना और आरोपों का विवरण पुलिस में दर्ज शिकायत के आधार पर प्रस्तुत किया गया है।

error: Content is protected !!