डेस्क खबरबिलासपुर

सरकारी चावल की कालाबाजारी का बड़ा खेल! गरीबों के राशन पर रसूखदारों की नजर, हितग्राहियों को चावल की जगह थमाया जा रहा नगद पैसा..कालाबाजारी सक्रिय सिस्टम खामोश !!


डेस्क खबर बिलासपुर ../ बिलासपुर में सरकारी राशन की हेराफेरी पर कार्यवाही नहीं होने से गंभीर सवाल खड़े हो रहे है। जिले में खुलेआम सरकारी राशन के परिवहन से लेकर राशन दुकानों और गोदामों तक गड़बड़ी के आरोप लगातार सामने आ रहे है। गड़बड़ी के पुख्ता  वीडियो सामने आने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।गरीबों को मिलने वाले सरकारी राशन पर कालाबाजारी करने वालों की नजर ऐसी जमी है कि सरकारी चावल का खुलेआम खरीद-बिक्री का खेल रुकने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में सरकारी राशन के बदले हितग्राहियों को नगद पैसा देने का सिलसिला जारी है। आरोप है कि कई राशन दुकान संचालक सरकारी योजनाओं को पलीता लगाकर हितग्राहियों के हिस्से का चावल बाजार में खपाने में लगे हैं। हैरानी की बात यह है कि खाद्य विभाग के संज्ञान में मामला आने और गड़बड़ी से जुड़े वीडियो सामने आने के बाद भी इस पूरे खेल पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है। सामने आया वीडियो बुधवार का है जिसमें देखा जा सकता है कि बिल्हा के परसदा में स्थित सरकारी उचित मूल्य की दुकान स्वयं सिद्धा महिला स्व सहायता समूह के संचालक को किस तरह सरकारी राशन के बदले नगद पैसा बेखौफ हो कर दिया जा रहा हैं कुछ हितग्राहियों की माने तो मुफ़्त और सस्ते दामों में मिलने वाले इस सरकारी चावल के बदले राशन दुकान संचालक द्वारा 24 रु किलो के हिसाब से नगद पैसा दिया जा रहा है।




हितग्राहियों को चावल की जगह नगद, आखिर किसके इशारे पर?
सरकारी राशन दुकानों में हितग्राहियों को चावल देने के बजाय नगद रकम देने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। सवाल यह है कि जब शासन गरीबों और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त या रियायती दर पर चावल उपलब्ध करा रहा है, तो फिर हितग्राहियों को उनका पूरा राशन क्यों नहीं मिल रहा? आरोप है कि इसी व्यवस्था का फायदा उठाकर कुछ दुकान संचालक चावल की हेराफेरी कर रहे हैं और सरकारी अनाज को बाजार में बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं।
परिवहन से लेकर गोदाम तक हेराफेरी के आरोप
सरकारी चावल की कालाबाजारी का मामला सिर्फ राशन दुकानों तक सीमित नहीं बताया जा रहा है। परिवहन में लगी गाड़ियों से लेकर गोदामों तक चावल की बोरियां बदलने और वजन में गड़बड़ी किए जाने के आरोप सामने आ चुके हैं। इससे पहले परिवहन में लगी गाड़ियों के भीतर ही हमालों द्वारा चावल को एक बोरी से दूसरी बोरी में पलटने का वीडियो सामने आया था। वहीं वेयरहाउस के बाहर स्थित एक होटल में बांट रखकर चावल का वजन बढ़ाने की कथित कोशिश का वीडियो भी चर्चा में आया था।



लगातार सरकारी राशन की कालाबाजारी और गड़बड़ियों से जुड़े मामलों को लेकर नान और खाद्य विभाग के अधिकारियों तक शिकायतें पहुंचीं। अधिकारियों की ओर से जांच और कार्रवाई का भरोसा भी दिया गया, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई सामने नहीं आने से विभागीय निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं।


गोदाम से व्यापारियों और राइस मिलों तक पहुंच रहा सरकारी चावल?
सूत्रों और स्थानीय स्तर पर सामने आ रही शिकायतों के मुताबिक, शहर के एक प्रमुख गोदाम में सुबह से दोपहर तक सरकारी चावल की बोरियां बदलने का खेल चलता है। आरोप है कि छोटी गाड़ियों के जरिए चावल बड़े व्यापारियों तक पहुंचाया जाता है और वहां से बड़ी गाड़ियों में भरकर जिले तथा दूसरे जिलों की राइस मिलों तक खपाया जाता है। कुछ स्थानों पर राशन दुकानों तक चावल पहुंचने के बजाय बीच रास्ते में ही बोरियां उतारकर दूसरी बोरियों में पलटने की शिकायतें भी हैं।
यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह केवल राशन दुकान संचालकों की गड़बड़ी नहीं, बल्कि परिवहन, भंडारण और वितरण की पूरी व्यवस्था की जांच का विषय है।
60 रुपये किलो से अधिक में चावल खरीदने को मजबूर आम जनता


एक तरफ गरीब परिवारों को सरकारी चावल मिलने में गड़बड़ी की शिकायतें हैं, तो दूसरी तरफ बाजार में खाने योग्य चावल की कीमत लगातार बढ़ रही है। आम उपभोक्ताओं को 60 रुपये किलो से अधिक कीमत पर चावल खरीदना पड़ रहा है। ऐसे में सवाल उठता है कि गरीबों के लिए भेजा जा रहा सरकारी चावल आखिर कहां जा रहा है? यदि हर महीने बड़े पैमाने पर सरकारी अनाज की हेराफेरी हो रही है तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है?
सबसे बड़ा सवाल : कार्रवाई कब और किस पर होगी?
बिलासपुर में सरकारी चावल की हेराफेरी और कालाबाजारी से जुड़ी शिकायतें और वीडियो सामने आने के बाद अब निगाहें खाद्य विभाग और नान के अधिकारियों पर टिकी हैं। क्या विभाग केवल जांच और आश्वासन तक सीमित रहेगा या फिर राशन दुकानों, परिवहनकर्ताओं, गोदाम संचालकों और कथित खरीदारों की भूमिका की निष्पक्ष जांच भी होगी?


क्या राशन दुकानों के स्टॉक का भौतिक सत्यापन होगा? क्या परिवहन वाहनों की GPS लोकेशन, गोदामों के सीसीटीवी फुटेज और चावल के आवक-जावक रजिस्टर की जांच होगी? और सबसे अहम, गरीबों के हिस्से का चावल बाजार में खपाने वालों पर कब कार्रवाई होगी?
सरकार की मंशा गरीबों को राहत देने की है, लेकिन यदि वितरण व्यवस्था में ही सेंध लग रही है तो इसका खामियाजा आम जनता क्यों भुगते? अब जरूरत सिर्फ आश्वासन की नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर जवाबदेह कार्रवाई की है। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि
गरीब के हिस्से का चावल आखिर किसकी जेब भर रहा है? राशन दुकान से लेकर गोदाम और राइस मिल तक फैले इस कथित नेटवर्क की जांच कौन करेगा? या सिस्टम सोता रहेगा और चावल की कालाबाजारी बेखौफ यू ही चलती रहेगी और हर महीने करोड़ो रु का व्यारा न्यारा होता रहेगा।

error: Content is protected !!