डेस्क खबरबिलासपुर

सड़क बनी पार्किंग, हादसों में जा रही जान… आखिर कब जागेगा यातायात विभाग?
सिरगिट्टी के गुम्बर चौक से बन्नाक चौक तक रसूखदार कंपनियों और शोरूम संचालकों ने हाइवे में बैरिकेड्स लगाकर बना ली निजी पार्किंग;   सड़क के दोनों ओर दिन-रात खड़े रहते हैं भारी वाहन, बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर कल ही गई है एक जान ..



डेस्क खबर बिलासपुर../  बिलासपुर के हाईवे अब सुरक्षित सफर के बजाय हादसों का खतरा बनते जा रहे हैं। सड़कों पर बेतरतीब खड़े ट्रक और अन्य वाहन लगातार दुर्घटनाओं की वजह बन रहे हैं। इसके बावजूद यातायात और पुलिस विभाग की कार्रवाई का असर जमीन पर नजर नहीं आ रहा है। अभियान चलते हैं, कार्रवाई भी होती है, लेकिन सड़कों पर अवैध पार्किंग का सिलसिला बदस्तूर जारी है।


बुधवार को बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर भरारी के पास इसका दर्दनाक उदाहरण सामने आया। अंधेरे में सड़क पर खड़ी ट्रक के पीछे बाइक जा घुसी। हादसे में बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी विकास साहू गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सिम्स रेफर किया गया है।लेकिन सवाल सिर्फ एक हादसे का नहीं है।

सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के गुम्बर चौक से बन्ना चौक तक हाईवे की स्थिति भी किसी बड़े हादसे का इंतजार करती नजर आती है। यहां सुबह से देर रात तक सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक गाड़ियां खड़ी रहती हैं। नामी कंपनियों, शोरूम और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों पर सड़क को पार्किंग की तरह इस्तेमाल करने के आरोप हैं। कहीं बैरिकेड्स लगाकर निजी पार्किंग बना ली गई है, तो कहीं भारी वाहनों की कतार ने सड़क का बड़ा हिस्सा घेर रखा है।


इस मार्ग पर पहले भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं और लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद व्यवस्था में कोई स्थायी सुधार दिखाई नहीं देता। ऐसा भी नहीं है कि जिले के जिम्मेदार अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी नहीं है उसके बाद भी  वर्षों से सड़क पर चल रहा यह पार्किंग का खेल बंद क्यों नहीं हो रहा? और रसूखदारों का इस मार्ग में जलवा बरकरार है और उन्होंने हाइवे को अपनी और अपने स्टाफ के लिए निजी पार्किंग बिना किसी खौफ के बना के रखा हुआ है।


सबसे बड़ा सवाल यातायात विभाग और पुलिस की कार्यप्रणाली पर है। आखिर अभियान और चालानी कार्रवाई के बाद भी सड़कें अतिक्रमण और अवैध पार्किंग से मुक्त क्यों नहीं हो पा रही हैं? क्या रसूखदार प्रतिष्ठानों के सामने नियम-कानून बेअसर हो जाते हैं?


अब जरूरत केवल चालान काटने की नहीं, बल्कि सड़क घेरकर पार्किंग बनाने वालों के खिलाफ ठोस और स्थायी कार्रवाई की है। उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी इस बार मामले को गंभीरता से लेंगे और सिरगिट्टी से लेकर जिले के अन्य हाईवे मार्गों को अवैध पार्किंग से मुक्त कराएंगे।
क्योंकि सड़क जनता के सुरक्षित आवागमन के लिए है, किसी कंपनी या शोरूम की निजी पार्किंग के लिए नहीं और सबसे बड़ा सवाल है कि इस मार्ग में खड़ी गाड़ियों के चलते आगे होने वाली मौतों का जिम्मेदार कौन होगा रसूखदार या फिर ????

error: Content is protected !!