डेस्क खबररायपुर

छत्तीसगढ़ में थमेगी बारिश, अब बढ़ेगी ठंड की दस्तक; उत्तर के जिलों में 4 डिग्री तक लुढ़केगा पारा



डेस्क खबर रायपुर। छत्तीसगढ़ में चक्रवाती तूफान का प्रभाव कमजोर पड़ने के बाद मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने लगा है। बीते दिनों बारिश और बादलों की वजह से प्रभावित जनजीवन को अब राहत मिलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, उत्तर छत्तीसगढ़ के लोगों को आने वाले दिनों में बढ़ती ठंड का सामना करना पड़ सकता है।

बंगाल की खाड़ी से सक्रिय हुए चक्रवाती सिस्टम के कारण पिछले सप्ताह प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई थी। लगातार बादल छाए रहने से दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई थी, वहीं रातें अपेक्षाकृत गर्म बनी हुई थीं। अब सिस्टम का असर कम होने और आसमान साफ होने से दिन के तापमान में दोबारा बढ़ोतरी होने लगी है। सोमवार को भी प्रदेश के एक-दो स्थानों पर बेहद हल्की बारिश दर्ज की गई।

उत्तर छत्तीसगढ़ में तेजी से बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, अगले तीन दिनों के दौरान उत्तर छत्तीसगढ़ में न्यूनतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे जा सकता है। इससे सरगुजा संभाग सहित उत्तरी इलाकों में रात और सुबह के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है। दूसरी ओर, प्रदेश के बाकी हिस्सों में अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

रायपुर में सामान्य से ज्यादा गर्म रहीं रातें

राजधानी रायपुर में सोमवार को अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात का तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं, माना एयरपोर्ट में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 18.9 डिग्री दर्ज हुआ।

मंगलवार को रायपुर में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 19 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम में इस बदलाव के साथ प्रदेश में सुबह-शाम ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने के संकेत हैं।

error: Content is protected !!