डेस्क खबरबिलासपुर

VIDEO –कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया कमेंट के बाद हिंसक झड़प, पुलिस पर पथराव
धारा 144 लागू, खपरगंज-मसानगंज में पुलिस की तगड़ी घेराबंदी ,कलेक्टर-SSP का सख्त संदेश—कानून हाथ में लेने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई ..





डेस्क खबर बिलासपुर . बिलासपुर में रक्षाबंधन की रात दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के खपरगंज इलाके में सोशल मीडिया पर किए गए कथित कमेंट को लेकर विवाद शुरू होने की बात सामने आ रही है। इसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और मारपीट, गाली-गलौज के बाद जमकर पथराव हुआ।पथराव की घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस पर भी पथराव हुआ, जिसमें कुछ पुलिसकर्मियों को चोटें आने की जानकारी सामने आई है।हालात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को नियंत्रित किया। फिलहाल खपरगंज और मसानगंज इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है और लगातार पेट्रोलिंग की जा रही है।



बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर किए गए एक कथित कमेंट के बाद विवाद की शुरुआत हुई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद मामला मारपीट और फिर पथराव तक पहुंच गया। घटना के दौरान दोनों ओर से नारेबाजी भी हुई, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। कुछ लोगों द्वारा इस विवाद को सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश किए जाने की बातें भी सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक विवाद को किसी समुदाय विशेष के बीच सांप्रदायिक हिंसा के रूप में प्रमाणित नहीं किया है।


पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। सोशल मीडिया पोस्ट, वायरल वीडियो और घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान के आधार पर विवाद की वास्तविक वजह और हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने इलाके में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। साथ ही सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भड़काऊ या अपुष्ट जानकारी साझा नहीं करने की चेतावनी दी गई है। फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता इलाके में पूरी तरह शांति बहाल करना है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने, पथराव करने या शहर का माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और हिंसा में कौन-कौन लोग शामिल थे।

error: Content is protected !!