



डेस्क खबर बिलासपुर../ गरबा प्रमोशन के नाम पर सोशल मीडिया पर सिगरेट, पिस्टल, चाकू और अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ रील बनाकर वायरल करना युवतियों को भारी पड़ गया। मामले में बिलासपुर पुलिस ने संबंधित युवतियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी पंकज पटेल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि इस तरह की गलत गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने संबंधितों को चेतावनी भी दी है।

दरअसल, नवरात्र शुरू होने से पहले गरबा प्रमोशन से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए थे। इनमें युवतियां कथित तौर पर पिस्टल, सिगरेट और अन्य आपत्तिजनक सामान के साथ नजर आईं। वीडियो वायरल होने के बाद शहर में इसकी चर्चा शुरू हुई और सामाजिक संगठनों ने इसे लेकर पुलिस से शिकायत और कार्रवाई की मांग की।

सामाजिक लोगों का कहना है कि गरबा धार्मिक आस्था और मां दुर्गा की आराधना से जुड़ा आयोजन है। ऐसे आयोजन के प्रचार में हथियारनुमा वस्तुओं, सिगरेट या आपत्तिजनक सामग्री का प्रदर्शन विवाद और गलत संदेश पैदा कर सकता है।
मामले को लेकर सामाजिक लोगों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
जिसके बाद पुलिस ने इनके खिलाफ वैधानिक कार्यवाही करते हुए इस तरह की रील न बनाने की अपील भी की है ।
