
डेस्क खबर बिलासपुर। नगर निगम बिलासपुर के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 40 महाराणा प्रताप नगर में भाजपा के महापौर पद की प्रत्याशी पूजा विधान और पार्षद पद के प्रत्याशी दुर्गा सोनी ने जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाकर जनता का समर्थन मांगा। इस दौरान उन्होंने भाजपा द्वारा जारी ‘अटल विश्वास पत्र’ के बारे में जानकारी देते हुए जनता को विकास के आगामी रोडमैप से अवगत कराया। महापौर पद की प्रत्याशी पूजा विधान ने बताया कि बिलासपुर के विकास का खाका तैयार हो चुका है। जनता का जिस तरह का समर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि नगर निगम में भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि ट्रिपल इंजन सरकार बनने से शहर का विकास तिगुनी रफ्तार से होगा।
पार्षद पद के प्रत्याशी दुर्गा सोनी ने अपने संबोधन में कहा कि केंद्र, प्रदेश, और अब नगर निगम में भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इससे वार्ड के विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा अपने वादों को निभाती है और वार्ड में मूलभूत सुविधाओं की कोई कमी नहीं होने दी गई है। जनसंपर्क के दौरान भाजपा द्वारा जारी अटल विश्वास पत्र को लेकर जनता में खासा उत्साह देखा गया। दुर्गा सोनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने पहले भी विकास के बड़े काम किए हैं और भविष्य में भी वार्ड को और बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य किए जाएंगे।
जनसंपर्क के दौरान वार्ड के मेडिकल कॉम्प्लेक्स क्षेत्र में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। जनता ने दोनों प्रत्याशियों को अपना समर्थन और आशीर्वाद दिया। प्रत्याशियों को भरोसा है कि जनता के विश्वास के दम पर भाजपा नगर निगम चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करेगी। वही लोगो ने भी इस बार वार्ड के साथ शहर मे बीजेपी की सरकार बनाने का दावा किया है।
