रानीगांव में गांधी जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 60 लोगों का सम्मान
120 मरीजों का हुआ उपचार, डॉ. रजनीश पाण्डेय ने ग्रामीणों को नशा मुक्ति और अपराध मुक्त गांव बनाने की दिलाई शपथ..

डेस्क खबर बिलासपुर ../ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर 2 अक्टूबर को रानीगांव में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रथम हॉस्पिटल के संचालक डॉ. रजनीश पाण्डेय रहे, जबकि अध्यक्षता रानीगांव की सरपंच दिव्या कोरी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं भारत माता के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई।

इस अवसर पर समाज के प्रति योगदान देने वाली स्वसहायता समूह की महिलाओं और गांव के वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 60 लोगों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।


आयोजन के दौरान लगाए गए निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में चिकित्सकों की टीम ने 120 से अधिक मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मरीजों को आवश्यक चिकित्सीय परामर्श देने के साथ निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. रजनीश पाण्डेय ने ग्रामीणों से नशे से दूर रहने और गांव में नशा मुक्ति अभियान चलाने की अपील की। उन्होंने महात्मा गांधी के विचारों और आदर्शों को अपनाने पर जोर देते हुए रानीगांव को नशा मुक्त एवं अपराध मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया
कार्यक्रम में अनिल पाण्डेय, अजय सूर्यवंशी, रहस गडेवाल, भागवत कोरी, देवांगन, महेश नापित, पंकज सिंह, देवेंद्र साहू और निखिल पाण्डेय सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, प्रबुद्धजन, स्वसहायता समूह की महिलाएं और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में आयोजन समिति ने सभी अतिथियों एवं ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।
