गृहमंत्री विजय शर्मा और कांग्रेसियों में तीखी तकरार, नारेबाजी से लेकर धक्का-मुक्की तक पहुंचा मामला ! पुलिस की मौजूदगी में कांग्रेसियों के हाथ में चप्पल आई नजर ! देखिए वीडियो ,पढ़िए खबर ।


डेस्क खबर ../ एक तरफ सवा लाख दीयों से जगमगाने की तैयारी… और दूसरी तरफ मिताली चौक पर सियासी गर्मी! दीपोत्सव की तैयारियों के बीच गुरुवार को ऐसा हंगामा हुआ कि कुछ देर के लिए दीयों का आयोजन पीछे और राजनीतिक तकरार आगे नजर आने लगी। जगदलपुर के मिताली चौक में दीपोत्सव की तैयारियों के लिए फूड स्टॉल, ठेले और गुमटियां हटाए जाने का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। इसी दौरान मौके पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा का कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्ताओं से आमना-सामना हो गया।
बातचीत से शुरू हुआ मामला देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की, वहीं विजय शर्मा उन्हें समझाते और अपनी बात रखते नजर आए। इसके बाद भाजपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच भी नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनने की रिपोर्ट सामने आई है। पुलिस को बीच-बचाव कर स्थिति संभालनी पड़ी। मामले ने उस वक्त और तूल पकड़ लिया, जब घटनास्थल से जूते-चप्पल फेंके जाने की बात भी सामने आई। कुछ मीडिया रिपोर्टों में इसका वीडियो होने का दावा किया गया है। हालांकि पूरे घटनाक्रम में किस ओर से क्या हुआ, इसे लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं। पर इतना जरूर है कि कांग्रेसियों के हाथ में चप्पल नजर आई ।
दीपोत्सव का मंच तैयार, लेकिन मिताली चौक बना सियासी अखाड़ा!
कांग्रेस का विरोध मुख्य रूप से दुकानों और ठेले-गुमटियों को हटाने तथा आयोजन के कारण आम लोगों और व्यापारियों को होने वाली परेशानी को लेकर बताया गया है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर आयोजन की तैयारियों और यातायात व्यवस्था के लिए क्षेत्र में प्रतिबंध लगाए गए थे। फिलहाल मिताली चौक का यह घटनाक्रम जगदलपुर में दीपोत्सव से पहले सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बन गया है—जहां जलने थे दीये, वहां पहले सियासत की गर्मी दिखाई दी।
