

डेस्क खबर बिलासपुर./ एक बार फिर डंकाराम पोर्टल के खबर का बड़ा असर देखने को मिला है। कोटा गनियारी मार्ग में चल रहे ढाबे में बैठकर खाना-पीना और शराब की अवैध बिक्री—सकरी पुलिस ने ऐसे ही कारोबार के खिलाफ देर रात बड़ी कार्रवाई की है। खबरों को गभीरता से लेते हुए पुलिस ने भरनी क्षेत्र के दो ढाबों में एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान दोनों स्थानों से अलग-अलग ब्रांड की शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर बिलासपुर पुलिस द्वारा अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज कुमार पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार के मार्गदर्शन में सकरी पुलिस ने अवैध शराब की बिक्री करने की सूचना पर 16 सितंबर की रात भरनी स्थित हॉलिडे इन ढाबा और मम्मी द ढाबा में अवैध रूप से शराब बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया और दोनों ढाबों में दबिश दी।

एक ढाबे में देशी शराब, दूसरे में महंगी ब्रांड की बोतलें
पुलिस के अनुसार हॉलिडे इन ढाबा से 32 पाव देशी शराब, कीमत 2,560 रुपए बरामद हुई। वहीं मम्मी द ढाबा से मैकडावल की 5 बोतल, सिग्नेचर की 3 बोतल और रॉयल चैलेंज की 1 बोतल बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 8,000 रुपए बताई गई है।
दोनों कार्रवाई में कुल 10,560 रुपए की शराब जब्त कर पुलिस ने दो होटल संचालकों को गिरफ्तार किया है ।मामले में पुलिस ने श्यामकुमार जायसवाल (45 वर्ष), निवासी सीआरपीएफ गेट के सामने भरनी तथा नवीन श्रीवास (31 वर्ष), निवासी बन्नाक चौक सिरगिट्टी को गिरफ्तार किया। दोनों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सकरी पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ढाबों की आड़ में शराब की अवैध बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। गौरतलब है कि जिले के अलग अलग थाना क्षेत्रों में स्थित ढाबाओ में अवैध रूप से शराब परोसी जाती है और इस बात की सूचना पुलिस और आबकारी विभाग को भी रहती है लेकिन विभागीय संरक्षण के चलते कार्यवाही नहीं हो पाती है।
