
डेस्क खबर कोरबा…./ जिले के कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज के ग्राम बंजारी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब टावर लाइन के नीचे सफाई कार्य कर रहे कर्मचारियों को भनक तक नहीं लगी और अचानक एक लोनर दंतैल हाथी उनके बेहद करीब पहुंच गया। हाथी की दहाड़ और एकदम करीब हाथी देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। और आनन फानन में जान बचाने के लिए कर्मचारी टावर लाइन पर ही चढ़ गए और घंटों हाथी के हटने का इंतजार करते रहे। नीचे दंतैल की मौजूदगी और ऊपर सहमे कर्मचारियों का यह नजारा बेहद खौफनाक था।
घटना की सूचना मिलते ही बंजारी बीट का वन अमला और हाथी मित्र दल तत्काल मौके पर पहुंचा। टीम ने हालात को नियंत्रित करते हुए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और टावर पर फंसे सभी कर्मचारियों को सुरक्षित नीचे उतार लिया। गनीमत रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी कर्मचारी को नुकसान नहीं पहुंचा। लेकिन बंजारी की यह घटना जंगल क्षेत्र में काम करने वाले लोगों के लिए एक बार फिर हाथियों के बढ़ते खतरे की गंभीर चेतावनी जरूर दे गई।
