

डेस्क खबर बिलासपुर../ न्यायधानी बिलासपुर में अवैध प्लॉटिंग और बिना अनुमति निर्माण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है। मंगला क्षेत्र में ‘बाबाजी रेजिडेंसी’ के नाम से कॉलोनी विकसित किए जाने को लेकर टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग से लेकर नगर निगम आयुक्त सहित रेरा में शिकायत की गई है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि संबंधित भूमि पर रेरा सहित अन्य जरूरी विभागीय अनुमतियों के बिना निर्माण और कॉलोनी विकास का काम किया गया है। अब इस मामले में जांच कर उचित कार्रवाई की मांग उठाई गई है।

शिकायत के अनुसार, अजीज एच. अली और आसिफ हमीद से संबंधित बताई गई भूमि पर करीब 20 मकानों की कॉलोनी विकसित की गई है। शिकायत में मंगला क्षेत्र के खसरा नंबर 15006 सहित अन्य भूमि का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि स्थानीय निकाय, नगर निगम और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की आवश्यक अनुमति के बिना निर्माण किया गया।

शिकायतकर्ता ने तमाम विभागों में बकायदा जिम्मेदार कार्यालय में आवेदन देकर मामले की जांच कराने की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि यदि निर्माण और कॉलोनी विकास में नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।मामले में फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है। ऐसे में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग और नगर निगम की जांच महत्वपूर्ण होगी। संबंधित भूमि के दस्तावेज, स्वीकृत लेआउट, निर्माण अनुमति और अन्य जरूरी अभिलेखों की जांच से ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

अब सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग शिकायत को गंभीरता से लेकर मौके का निरीक्षण करेंगे? क्या कथित कॉलोनी के दस्तावेजों की जांच होगी और यदि नियमों का उल्लंघन मिला, तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी?
फिलहाल शिकायत के बाद सबकी नजर विभागीय जांच और प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है।
