कोरबाडेस्क खबर

बाईपास में डीजल चोरों का आतंक! ट्रेलर चालक ने दिखाई हिम्मत, स्कॉर्पियो को ट्रेलर से मारी सीधी टक्कर—CCTV में कैद हुआ पूरा खेल!!



डेस्क खबर कोरबा . / कटघोरा बाईपास में तड़के डीजल चोरी करने पहुंचे गिरोह को उस वक्त उल्टे पांव भागना पड़ा, जब ट्रेलर चालक ने डरने के बजाय हिम्मत दिखाई और चोरों की स्कॉर्पियो को ट्रेलर से जोरदार टक्कर मार दी। पूरी घटना पेट्रोल पंप के CCTV कैमरे में कैद हो गई है। जिसमें देखा जा सकता कि ट्रेलर चालक की हिम्मत देख डीजल चोर गाड़ी छोड़ फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6 से 7 लोग स्कॉर्पियो में सवार होकर बाईपास पहुंचे थे। गिरोह ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलरों को निशाना बनाया और एक ट्रेलर से डीजल निकालने लगा। इसी दौरान चालक की नजर चोरों पर पड़ गई।

आरोप है कि चोरों ने चालक को धमकाकर डराने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने हिम्मत दिखाते हुए ट्रेलर स्टार्ट कर दिया। चोरों ने मौके से भागने की कोशिश की, तभी चालक ने स्कॉर्पियो को सीधी जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर होते ही आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के बाद चालक ने तत्काल डायल-112 को सूचना दी।पुलिस ने मौके से आरोपियों की स्कॉर्पियो और उसमें रखे डीजल के कंटेनर बरामद किए हैं। CCTV फुटेज के आधार पर कटघोरा पुलिस आरोपियों की पहचान और धरपकड़ में जुटी है।
कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के मुताबिक वाहन जब्त कर लिया गया है और CCTV फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बताया जा रहा है कि पाली थाना क्षेत्र में भी इसी तरह की वारदात सामने आ चुकी है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि हाईवे और बाईपास पर सक्रिय डीजल चोर गिरोह पर आखिर कब पूरी तरह शिकंजा कसेगा?

error: Content is protected !!